जम्मू से लौटने वालों की संख्या में आई कमी, यात्रियों ने बताया – वहां कैसे बदल रहे हालात

लखनऊ:भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम से सीमा पर तनातनी कम हुई है। इसका असर पिछले कई दिनों से जम्मू कश्मीर से घर वापसी करने वालों की संख्या पर भी पड़ा है। जम्मू से ट्रेनों में लौटने वाले यात्रियों की संख्या में काफी कमी आई।

जम्मू से चारबाग स्टेशन पहुंची हिमगिरि एक्सप्रेस ट्रेन की सामान्य बोगी में तो भीड़ थी, लेकिन आरक्षित कोचों में बीते दिनों के मुकाबले स्थिति सामान्य दिखी। एक सप्ताह से आरक्षित कोचों में भी सीटों से ज्यादा यात्री सफर कर रहे थे।

12 मई को हिमगिरि एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों ने बताया कि जम्मू के हालात अब पहले से बेहतर है। वहीं, लोग घर वापसी कर रहे हैं, जिन्होंने पहले से टिकट बुक कराया था। मूल रूप से नेपाल निवासी राकेश व उनके साथी ने बताया कि चार महीने पहले काम के सिलसिले में जम्मू गए थे। दोनों टाइल्स लगाने का काम करते हैं। राकेश ने बताया कि उनके साथ 20 लोग और थे। काम खत्म होने के बाद अब घर लौट रहे हैं। जम्मू में अब स्थिति सामान्य है। लोग काम पर लौट रहे हैं।

महराजगंज के बबलू ने बताया कि चार दिन पहले जम्मू की स्थिति सही नहीं थी। हालांकि, सीजफायर के बाद हालात बेहतर हुए हैं। जम्मू के स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ कम हुई है। पारिवारिक कार्यक्रम की वजह से घर जा रहे हैं। एक सप्ताह बाद फिर जम्मू लौटेंगे।

सीतापुर के महेश कुमार ने बताया कि सेब के कारोबार के सिलसिले में जम्मू गए थे। एक सप्ताह में स्थिति में काफी बदलाव आया है। लोग अब बिना खौफ के घरों से निकल रहे हैं और काम पर लौट रहे हैं। जिन्होंने पहले से लौटने की तैयारी की थी, वही वापस आ रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button