सरकार को मिले 6 लाख सुझाव, ग्रामीण इलाकों की जनता ने किया सबसे अधिक योगदान

उत्तर प्रदेश @2047 अभियान के तहत बुधवार तक लगभग 6 लाख प्रदेशवासियों ने अपने सुझाव साझा किए। इसमें ग्रामीण इलाकों से लगभग 4.70 लाख और नगरीय क्षेत्रों से 1.30 लाख सुझाव प्राप्त हुए। आयु वर्ग के अनुसार 31-60 वर्ष के लोगों ने 3.20 लाख सुझाव दिए, जबकि 31 वर्ष से कम लोगों ने लगभग 2.40 लाख, और 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग ने करीब 40 हजार सुझाव साझा किए।
अभियान के तहत 75 जनपदों में नोडल अधिकारी और विशेषज्ञ विभिन्न समूहों – छात्रों, शिक्षकों, व्यवसायियों, कृषकों, स्वयंसेवी संगठनों, मीडिया और आम जनता के साथ प्रदेश की पिछले आठ वर्षों की विकास यात्रा और भविष्य के रोडमैप पर चर्चा कर फीडबैक ले रहे हैं।
महाराजगंज, कानपुर देहात और संभल सबसे आगे
आम जनता ने अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि, आईटी & टेक (14,700), इंडस्ट्री (15,182) और सुरक्षा क्षेत्रों पर सबसे ज्यादा सुझाव मिले। महाराजगंज से लगभग 62 हजार, कानपुर देहात से 30 हजार और संभल से 22 हजार से अधिक फीडबैक प्राप्त हुए। इसके अलावा प्रयागराज, फिरोजाबाद, कानपुर नगर, गोरखपुर, सहारनपुर, शामली, एटा, मेरठ, फर्रुखाबाद, मैनपुरी आदि से 4 लाख से ज्यादा सुझाव मिले हैं।





