1. प्यार, धोखा और दर्दनाक अंत: अंजील को नहीं पहचान आई राहुल की सच्चाई, गंवानी पड़ी जान

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के छतारी थाना क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय अंजली की नोएडा में मौत हो गई। वह गाजियाबाद के इंदिरापुरम में किराये के कमरे में रहती थी और लेंसकार्ट कंपनी में नौकरी करती थी। परिजनों का आरोप है कि प्रेमी राहुल के शादी से इनकार करने के बाद अंजली मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। मामले में अंजली के पिता ने राहुल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए नोएडा के सेक्टर-39 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दोस्ती के बाद प्यार में बदला रिश्ता
छतारी थाना क्षेत्र के शेखूपुर गांव निवासी हेम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी अंजली गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में किराये पर रहती थी। वह लेंसकार्ट कंपनी में काम करती थी। इसी दौरान उसकी दोस्ती अलीगढ़ जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के चपौटा गांव निवासी राहुल से हुई।
राहुल नोएडा के सेक्टर-39 क्षेत्र के छलैरा गांव में किराये के कमरे में रहता था। परिजनों के अनुसार, अंजली और राहुल की दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। राहुल ने अंजली से शादी करने की बात भी कही थी।
शादी से इनकार के बाद परेशान रहने लगी अंजली
शिकायत के मुताबिक, कुछ दिन पहले राहुल ने अंजली से शादी करने से इनकार कर दिया। राहुल ने कथित तौर पर बताया कि उसकी शादी कहीं दूसरी जगह तय हो गई है। इस बात को लेकर अंजली परेशान रहने लगी थी।
परिजनों के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात अंजली राहुल के कमरे पर पहुंची थी। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद अंजली ने बाथरूम में पानी के पाइप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद राहुल के वहां से चले जाने की बात भी सामने आई है।
पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया शव
घटना की सूचना मिलने पर नोएडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पोस्टमार्टम के बाद रविवार रात अंजली का शव गांव लाया गया। सोमवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया।
अंजली के पिता हेम सिंह का कहना है कि पुलिस ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
डिबाई के सीओ मधुप कुमार सिंह के मुताबिक, युवती की मौत के मामले में परिजनों ने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में नोएडा के सेक्टर-39 थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच नोएडा पुलिस कर रही है।





