रविवार को बॉक्स ऑफिस पर दिखा फिल्मों का दम: द वन ने संभाला मोर्चा, पैराडाइज की 100 करोड़ की राह मुश्किल

सिनेमाघरों में इस समय कई फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है। बीते सप्ताह नानी की ‘द पैराडाइज’, सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ और ‘एवेंजर्स: एंडगेम इनकोर’ रिलीज हुईं। वहीं, ‘हनुमान अंश’ और ‘मिर्जापुर: द मूवी’ पहले से सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। रविवार को इन फिल्मों के कारोबार में भी खास बदलाव देखने को मिला।

100 करोड़ के करीब पहुंची ‘द पैराडाइज’

नानी की फिल्म ‘द पैराडाइज’ ने रविवार को बॉक्स ऑफिस पर 15.70 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन अब 92.10 करोड़ रुपये हो गया है। इस तरह फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच गई है।

फिल्म ने पहले दिन 34.65 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 14.90 करोड़ रुपये और तीसरे दिन 15.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इसका दुनियाभर में कुल ग्रॉस कलेक्शन 138.25 करोड़ रुपये बताया गया है।

‘द वन’ की कमाई में आया उछाल

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ को रिलीज हुए तीन दिन हुए हैं। फिल्म ने पहले दिन आठ करोड़ रुपये से शुरुआत की थी। शनिवार को इसकी कमाई बढ़कर 11.25 करोड़ रुपये हुई, जबकि रविवार को फिल्म ने 14 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 33.25 करोड़ रुपये हो गया है।

‘एवेंजर्स: एंडगेम इनकोर’ की रफ्तार धीमी

मार्वल की लोकप्रिय फिल्म ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ सात साल बाद ‘एंडगेम इनकोर’ के नाम से दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म ने तीन दिनों में भारत में 22.45 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है।

फिल्म ने पहले दिन 7.25 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 7.65 करोड़ रुपये और रविवार को 7.55 करोड़ रुपये कमाए।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ का भी जारी है जलवा

अली फजल, दिव्येंदु, रसिका दुग्गल और पंकज त्रिपाठी की ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को रिलीज हुए 24 दिन हो चुके हैं। फिल्म ने रविवार को 1.70 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही इसका कुल नेट कलेक्शन 227.05 करोड़ रुपये हो गया है।

‘हनुमान अंश’ 300 करोड़ के पार

नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन जारी है। फिल्म ने रिलीज के 52वें दिन रविवार को नौ करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 307.03 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

रविवार की कमाई में ‘हनुमान अंश’ ने ‘मिर्जापुर: द मूवी’ से ज्यादा कारोबार किया।

Related Articles

Back to top button