यूपी में बैंकिंग व्यवस्था को लेकर सख्ती, केंद्रीय मंत्री ने दी चेतावनी- लक्ष्य पूरा न करने पर होगी कार्रवाई

आगरा कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने बैंकों के कामकाज की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले बैंकों पर सख्ती के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले बैंकों के खिलाफ वित्त मंत्रालय को कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने बैंकों को निर्देश दिए कि गरीबों, श्रमिकों, किसानों, छोटे उद्यमियों और स्ट्रीट वेंडर्स को बिना अनावश्यक देरी के पारदर्शी और सुगम प्रक्रिया के तहत ऋण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही लंबित ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

कल्याणकारी योजनाओं की भी हुई समीक्षा

जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। एसपी सिंह बघेल ने कहा कि प्रचार-प्रसार के अभाव में कोई भी पात्र गरीब इन योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़े बैंक खातों की तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र किसानों को योजना का लाभ मिलने में परेशानी न हो।

पीएम सूर्य घर और मुद्रा योजना की प्रगति पर चर्चा

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पीएम स्वनिधि और मुद्रा योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने इन योजनाओं से संबंधित सभी लंबित ऋण आवेदनों का निर्धारित समय में निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने भी बैंक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं से जुड़े आवेदन बिना उचित कारण लंबित न रखे जाएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, एलडीएम ऋषिकेश बनर्जी समेत विभिन्न विभागों और प्रमुख बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button