यूपी में जेन-जी युवाओं का हंगामा: चंद्रशेखर के बयान के बाद टूटी बैरिकेडिंग, उग्र होकर अंदर घुसे प्रदर्शनकारी

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के मिश्रिख में शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी की सामाजिक न्याय प्रचार यात्रा और कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान हंगामा हो गया। कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद के एक बयान के बाद पंडाल के बाहर मौजूद समर्थक बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुसने लगे। देखते ही देखते कई युवा पंडाल के लोहे के ढांचे पर चढ़ गए, जिससे मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।
चंद्रशेखर बोले- ‘यह जेन-जी है, इनको रोक पाना मुश्किल है’
मिश्रिख के मेला मैदान में आयोजित सम्मेलन में चंद्रशेखर आजाद ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वोट की ताकत से हालात बदले जा सकते हैं। इसी दौरान उन्होंने कहा, “यह जेन-जी है, इनको रोक पाना मुश्किल है, इनको अंदर आने दो।”
उनके इतना कहते ही पंडाल के बाहर मौजूद समर्थक आगे बढ़ने लगे। सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग टूट गई और कई युवा अंदर पहुंच गए।
पंडाल के ऊंचे ढांचे पर चढ़े युवा
हंगामे के दौरान दर्जनों युवा कार्यकर्ता पंडाल के ऊंचे लोहे के ढांचे और पाइपों पर चढ़ गए। मंच संचालक और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी लगातार लाउडस्पीकर के जरिए युवाओं से नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन काफी देर तक इसका असर नहीं हुआ।
अफरातफरी के दौरान कुछ कार्यकर्ता गिरकर चोटिल भी हुए। स्थिति को देखते हुए मीडियाकर्मियों और पुलिसकर्मियों को भी पीछे हटना पड़ा।
चंद्रशेखर ने संभाली स्थिति
मौके पर बढ़ती अव्यवस्था के बाद चंद्रशेखर आजाद ने स्वयं कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद समर्थकों को शांत कराया गया और स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
पुलिस ने पहले ही दिए थे व्यवस्था के निर्देश
मिश्रिख के सीओ विशाल गुप्ता के अनुसार, कार्यक्रम शुरू होने से पहले पार्टी पदाधिकारियों को व्यवस्था बनाए रखने और मंच से लगातार आवश्यक घोषणाएं कराने के निर्देश दिए गए थे। बैरिकेडिंग मजबूत रखने को भी कहा गया था।
पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिसबल ने मुस्तैदी से काम लिया और समय रहते हालात को नियंत्रित कर लिया। आयोजकों पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस की पूर्व हिदायतों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।
सम्मेलन में चुनाव की तैयारियों पर जोर
कार्यकर्ता सम्मेलन में चंद्रशेखर आजाद ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों पर हो रहे अत्याचार को रोकने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सत्ता पक्ष पर भी निशाना साधा और अधिकारों की अनदेखी करने वाली सरकार को बदलने की बात कही।





