पुलिसकर्मियों पर हमला कर फरार होने की कोशिश, आंखों में मिर्च झोंकी; ईंट-डंडों से भी पीटा

दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर हुए हमले का मामला सामने आया है। मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में चेकिंग के दौरान बिना वैध दस्तावेज वाली बाइक जब्त करने के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और इसके बाद ईंट व डंडों से बुरी तरह मारपीट की।

जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे इलाके के बीट स्टाफ में तैनात हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश पेट्रोलिंग और वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक ऐसी बाइक पकड़ी, जिसके वैध दस्तावेज नहीं थे। पुलिस ने बाइक को जब्त कर थाने में जमा करा दिया। इसके कुछ समय बाद बाइक मालिक अपने परिवार और अन्य लोगों के साथ पुलिसकर्मियों के पास पहुंच गया और कार्रवाई का विरोध करने लगा।

बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ता चला गया और देखते ही देखते आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। आरोप है कि पहले पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाला गया, जिससे उन्हें देखने में परेशानी होने लगी। इसके बाद ईंट और डंडों से हमला किया गया। पुलिसकर्मियों की मदद के लिए पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल टीनू को भी आरोपियों ने निशाना बनाया।

हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मौके से 17 वर्षीय एक नाबालिग को पकड़ लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, मुख्य फरार आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस के दो मामले भी शामिल बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस टीम पर हमले के मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button