पत्रकार से राजगद्दी तक का सफर, एडवर्ड रुकिडी का टूरो साम्राज्य में राज्याभिषेक

युगांडा के टूरो साम्राज्य में पत्रकार और राजकुमार एडवर्ड रुकिडी न्याबोंगो को पारंपरिक रूप से नया राजा चुना गया है। मंगलवार को फोर्ट पोर्टल में उनका औपचारिक राज्याभिषेक हुआ। उनका चयन दिवंगत राजा ओयो न्यिम्बा की अगस्त में हुई मौत के बाद किया गया है।

रुकिडी लंबे समय से युगांडा ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन में ब्रॉडकास्टर और एडिटर के तौर पर काम कर रहे थे। राजगद्दी संभालने के बाद उन्होंने अपना शाही नाम एडवर्ड रुकिडी न्याबोंगो रखा है।

उत्तराधिकार को लेकर विवाद

रुकिडी के चयन पर टूरो की राजमाता बेस्ट केमिगिसा ने आपत्ति जताई है। उनका दावा है कि नए राजा के चयन में दिवंगत राजा ओयो की कथित लिखित वसीयत का पालन नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि ओयो का एक छोटा बेटा है, जिसकी पहचान उचित समय पर सामने लाई जाएगी।

राजमाता ने रुकिडी की वैधता और उन्हें चुनने के बबीटो समुदाय के फैसले पर भी सवाल उठाए हैं। ओयो के अंतिम संस्कार के दौरान भी उनके पार्थिव शरीर की कस्टडी को लेकर विवाद की खबरें सामने आई थीं।

1993 में बहाल हुई थी पारंपरिक राजशाही

युगांडा में ब्रिटिश शासन से आजादी के बाद 1960 के दशक में पारंपरिक राजशाहियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। हालांकि, 1993 में इन्हें फिर से बहाल किया गया। इन राजाओं के पास कोई संवैधानिक या राजनीतिक अधिकार नहीं है और वे राजनीति में सक्रिय रूप से शामिल नहीं हो सकते। हालांकि, वे अपने समुदायों में संस्कृति और परंपराओं के संरक्षक के तौर पर प्रभाव रखते हैं।

कौन थे राजा ओयो?

दिवंगत राजा ओयो न्यिम्बा महज तीन साल की उम्र में 1995 में टूरो की गद्दी पर बैठे थे। वयस्क होने तक रीजेंट्स ने उनके शासन में मदद की। उन्हें दुनिया के सबसे कम उम्र में राजा बनने वाले शासकों में गिना जाता था। अगस्त में 34 वर्ष की उम्र में कैंसर से उनका निधन हो गया।

ओयो की मौत के बाद उनके उत्तराधिकारी को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनके कथित छोटे बेटे की तस्वीरें भी वायरल हुई हैं, लेकिन उसकी पहचान को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button