गुरुग्राम केस में नया मोड़: कल्याण के बयान के बाद सामने आईं लेडी बाइकर, वीडियो में रखी अपनी बात

साइबर सिटी गुरुग्राम में महिला बाइकर सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में नया मोड़ आ गया है। आरोपी कल्याण बैंसला के सामने आने और मीडिया के सामने घटना को दुर्घटना बताते हुए अपनी गलती स्वीकार करने के बाद अब सिया ने सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। सिया ने वीडियो में आरोपी के बयान पर सवाल उठाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

यह घटना रविवार को गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी। सिया अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक से जा रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान एक कार उनका पीछा करने लगी और बाद में कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और सिया घायल हो गईं। घटना के बाद कार चालक मौके से चला गया।

आरोपी के बयान के बाद सिया ने जारी किया नया वीडियो

कल्याण बैंसला के मीडिया के सामने आने और अपना पक्ष रखने के बाद सिया ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने आरोपी के उस दावे पर सवाल उठाया, जिसमें उसने कहा था कि घटना दुर्घटनावश हुई और उसका सिया को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।

सिया ने सवाल किया कि अगर आरोपी को घटना का पछतावा था और उन्हें लेकर दुख था तो टक्कर के बाद वह मौके पर क्यों नहीं रुका। उनका कहना है कि हादसे के बाद मौके से चले जाना पूरे मामले को और गंभीर बनाता है।

‘अगर दुख था तो टक्कर के बाद रुके क्यों नहीं?’

सिया ने वीडियो में कहा कि यदि आरोपी को उनके लिए वास्तव में दुख था तो उसे कार से टक्कर मारने के बाद रुककर उनकी मदद करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि टक्कर के कारण उनकी हड्डियां टूट सकती थीं और उनकी जान भी जा सकती थी।

सिया ने आरोपी के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उसने दावा किया था कि उसे पता नहीं था कि बाइक एक लड़की चला रही थी। सिया ने कहा कि उनके बाल लंबे हैं और चोटी बंधी हुई थी। उनके मुताबिक, आरोपी उनके पास आया, इशारे किए और बाइक रोकने के लिए कहा था।

‘स्पीड बदलने से पीछा करने का हक नहीं मिल जाता’

सिया ने कल्याण के उस दावे का भी जवाब दिया, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि वह बार-बार अपनी बाइक की स्पीड बढ़ा-घटा रही थीं और कार को पिंच कर रही थीं।

सिया ने कहा कि वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कौन किसे परेशान कर रहा था। उन्होंने सवाल किया कि बाइक की स्पीड में बदलाव होने से किसी को लगातार पीछा करने का अधिकार नहीं मिल जाता।

सिया ने दावा किया कि घटना से पहले कार उनका पीछा कर रही थी और उन्हें रोकने की कोशिश की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें महिला बाइकर देखकर निशाना बनाया गया।

आरोपी ने स्वीकार की गलती, जानबूझकर टक्कर से किया इनकार

इससे पहले सोमवार को आरोपी कल्याण बैंसला सामने आया था। उसने अपनी गलती स्वीकार की थी, लेकिन जानबूझकर बाइक में टक्कर मारने के आरोप से इनकार किया था। बैंसला ने खुद को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और जिम संचालक बताया था।

उसका कहना था कि यू-टर्न के पास कार पर उसका नियंत्रण खो गया था। उसने यह भी दावा किया कि उसे डर था कि बाइक सवारों का समूह उसे और उसके परिवार को पीट सकता है। इसी डर के कारण वह घटनास्थल से चला गया था।

कल्याण के इस बयान के बाद ही सिया ने नया वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा और आरोपी के दावों पर सवाल उठाए।

घटना का वीडियो हुआ था वायरल

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कार द्वारा बाइक को टक्कर मारने और उसके बाद कार के मौके से चले जाने का दृश्य दिखाई देता है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।

सिया के मुताबिक, घटना से पहले कार में सवार लोग उनका पीछा कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कार उनके करीब आई और उसमें बैठे लोगों ने उनसे बदतमीजी की। जब उन्होंने दूरी बनाए रखने को कहा तो उन्हें बाइक रोकने के लिए कहा गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

इस मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला की तलाश तेज कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

सिया ने अपने वीडियो में कहा कि घटना पूरी तरह कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और वीडियो के आधार पर मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। वहीं, आरोपी की ओर से घटना को दुर्घटना बताया गया है।

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और आरोपी की मंशा क्या थी। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार चर्चा बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button