क्या शादी कर चुके हैं टॉम-जेंडाया? स्टाइलिस्ट के खुलासे ने बढ़ाई कपल के रिश्ते को लेकर हलचल

हॉलीवुड के चर्चित कपल टॉम हॉलैंड और जेंडाया की शादी को लेकर चल रही अटकलों के बीच नया ट्विस्ट सामने आया है। जेंडाया के स्टाइलिस्ट और करीबी दोस्त लॉ रोच ने दावा किया है कि दोनों ने अभी तक आधिकारिक तौर पर शादी नहीं की है। खास बात यह है कि कुछ महीने पहले खुद लॉ रोच ने ही टॉम और जेंडाया की शादी होने की बात कही थी।

अपने पुराने बयान से पलटे लॉ रोच

टॉम हॉलैंड और जेंडाया हाल ही में एमी अवॉर्ड्स 2026 में नजर आए। इसी दौरान लॉ रोच ने कपल की शादी को लेकर अपने पुराने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि टॉम और जेंडाया की अभी आधिकारिक शादी नहीं हुई है।

‘वैरायटी’ की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉ रोच ने अपने मार्च में दिए बयान को लेकर कहा कि उन्होंने उस समय झूठ बोला था। उन्होंने स्पष्ट किया कि कपल की अभी तक कोई आधिकारिक शादी की रस्म नहीं हुई है।

‘अभी तक कोई ऑफिशियल सेरेमनी नहीं हुई’

लॉ रोच ने कहा कि टॉम और जेंडाया की अभी शादी नहीं हुई है और अब तक उनकी कोई आधिकारिक सेरेमनी भी नहीं हुई। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि दोनों ने कानूनी तौर पर शादी की है या नहीं।

स्टाइलिस्ट ने यह भी संकेत दिया कि शादी भविष्य में हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह ‘ड्यून’ के प्रेस टूर के बाद होगी। रोच के मुताबिक, जेंडाया काफी समय से टॉम की पत्नी की तरह उनके साथ रह रही हैं, लेकिन यह रिश्ता अभी आधिकारिक नहीं हुआ है।

शादी की वायरल तस्वीरों पर भी सफाई

टॉम और जेंडाया की शादी की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं। इन तस्वीरों के आधार पर दोनों के गुपचुप तरीके से शादी करने की अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि, लॉ रोच ने इन तस्वीरों को फर्जी बताया है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही शादी की तस्वीरें असली नहीं हैं और उन्हें एआई की मदद से तैयार किया गया है। इससे कपल की शादी को लेकर चल रही चर्चाओं को एक नया मोड़ मिल गया है।

टॉम के ‘पत्नी’ कहने से बढ़ी थी चर्चा

टॉम हॉलैंड कई मौकों पर जेंडाया को इंटरव्यू के दौरान अपनी ‘पत्नी’ कह चुके हैं। इसी वजह से दोनों के शादीशुदा होने की अटकलें लगातार लगती रही हैं। अब लॉ रोच के बयान के बाद एक बार फिर यह सवाल उठ रहा है कि आखिर टॉम और जेंडाया ने शादी की है या नहीं।

2024 के आखिर में हुई थी सगाई

टॉम हॉलैंड और जेंडाया लंबे समय तक अपने रिश्ते को निजी रखते आए हैं। दोनों की सगाई की खबरें 2024 के आखिर में सामने आई थीं। इसके बाद से फैंस उनकी शादी का इंतजार कर रहे हैं।

फिलहाल लॉ रोच के ताजा बयान ने शादी की चर्चाओं को फिर हवा दे दी है। अब देखना होगा कि टॉम हॉलैंड और जेंडाया खुद अपने रिश्ते और शादी को लेकर क्या आधिकारिक जानकारी देते हैं।

Related Articles

Back to top button