अयोध्या राममंदिर: देव शिल्पी विश्वकर्मा की हुई पूजा, मंदिर परिसर में दिखा भक्तिमय माहौल

श्रीराम जन्मभूमि परिसर में देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर विशेष पूजन-अनुष्ठान किया गया। इस दौरान राममंदिर निर्माण कार्य से जुड़े कारीगर, श्रमिक और इंजीनियर समेत ट्रस्ट के पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मी भी मौजूद रहे। करीब दो घंटे तक हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठान चलता रहा। इसके बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया और निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को अवकाश दिया गया।
मंदिर निर्माण में इस्तेमाल मशीनों और उपकरणों का हुआ पूजन
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मंदिर निर्माण में इस्तेमाल की जा रही मशीनों, उपकरणों और यंत्रों का भी विधि-विधान से पूजन किया गया। पूजन कार्यक्रम में राममंदिर के मुख्य अभियंता जगदीश आफले, एसपी सुरक्षा विजय शंकर मिश्र, कार्यदायी संस्थाओं के इंजीनियर और अन्य कर्मचारी शामिल हुए।
रामकथा संग्रहालय में भी हुआ पूजन
अयोध्या के रामकथा संग्रहालय में भी देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया गया। संग्रहालय के निदेशक डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा कर्म और सृजन की प्रधानता को सार्थक रूप से स्पष्ट करने वाले देव हैं।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि परिसर में हुए इस विशेष पूजन में मंदिर निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यों में लगे कर्मचारियों और श्रमिकों ने सहभागिता की।





