सीएम धामी ने खोला सौगातों का पिटारा: महिलाओं को फ्री रोडवेज सफर, हाईटेक टॉयलेट और पिंक ई-बस की घोषणा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में महिलाओं को 60 वर्ष की उम्र से रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
इसके साथ ही महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और पर्यटन स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक टॉयलेट विकसित किए जाएंगे। इनमें स्वच्छता के साथ महिलाओं की निजता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक परिवहन में भी महिलाओं के लिए खास पहल की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उत्तराखंड को मिलने वाली 137 इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून में चलने वाली 100 बसों में 10 बसें महिलाओं के लिए पिंक ई-बस के रूप में समर्पित की जाएंगी। आगे चलकर इस सुविधा का विस्तार प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी किया जाएगा।
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा भी 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये करने की घोषणा की गई है।
रक्षाबंधन के मौके पर सीएम धामी की इन घोषणाओं को महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।





