सर्राफा बाजार में फिर गिरावट, सोना 1300 रुपये और चांदी 2500 रुपये सस्ती; लगातार आठवें दिन नीचे आया भाव

देश की राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार आठवें कारोबारी सत्र में भी जारी रहा। गुरुवार को सोना 1300 रुपये गिरकर 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई और यह 2500 रुपये सस्ती होकर 1,62,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। मजबूत रुपये और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आक्रामक नीतिगत रुख की उम्मीदों के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।

स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1300 रुपये गिरकर 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया। बुधवार को यह 1,35,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। पिछले आठ कारोबारी सत्रों में यानी 9 नवंबर से अब तक सोने की कीमत कुल 12,400 रुपये गिर चुकी है। 9 नवंबर को सोना 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था।

मजबूत रुपये और फेड की नीति से सोने पर दबाव

मुद्रेक्स निवेश मंच के लीड क्वांट एनालिस्ट अक्षत सिद्धांत के मुताबिक, रुपये में मजबूती के कारण घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट आई है। वहीं, एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटीज सेगमेंट के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आक्रामक नीतिगत रुख की उम्मीदों से कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।

विदेशी बाजार में भी सोना-चांदी कमजोर

विदेशी बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। हाजिर सोना 3,717.57 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया, जबकि चांदी फिसलकर 44.92 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अक्तूबर बैठक के विवरण से आगे ब्याज दरों में बढ़ोतरी के संकेत मिलने के बाद गुरुवार को विदेशी कारोबार में सोना कमजोर रहा। इस बीच डॉलर 19 महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गया, जिससे कीमती धातुओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ा।

चांदी में गिरावट की वजह क्या है?

बुधवार को तेज बिकवाली के बाद चांदी करीब 45 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर स्थिर हुई। बुधवार को चांदी में लगभग पांच फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी, जो सितंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर था। चांदी अब 29 जनवरी 2026 को दर्ज किए गए 121 डॉलर प्रति औंस के शिखर से 60 फीसदी से अधिक नीचे आ चुकी है।

चांदी की औद्योगिक मांग पर अधिक निर्भरता भी इसकी कीमतों में गिरावट का एक बड़ा कारण मानी जा रही है। कमजोर औद्योगिक मांग ने सफेद धातु पर अतिरिक्त दबाव बनाया है।

कीमती धातुओं की चमक फीकी पड़ने के पीछे ये कारण

अक्षत सिद्धांत के मुताबिक, ऊंची ब्याज दरों और मजबूत डॉलर ने सोने और चांदी के निवेश आकर्षण को कम किया है। इसके अलावा, निवेशक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से जुड़े शेयरों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए भी बुलियन बेच रहे हैं। चांदी को कमजोर औद्योगिक मांग का भी सामना करना पड़ रहा है। इन सभी कारणों ने मिलकर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट को तेज किया है।

Related Articles

Back to top button