सपा प्रदेश अध्यक्ष पाल ने पूर्व जिलाध्यक्ष से की मुलाकात, बोले- नगीना के साथ मजबूती से खड़ी है पार्टी

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल रविवार शाम पूर्व जिलाध्यक्ष राम नगीना साहनी के नौसड़ स्थित आवास पर पहुंचे। उन्होंने प्रेस क्लब में हुए थप्पड़ कांड को लेकर पूर्व जिलाध्यक्ष से जानकारी ली। मुलाकात के बाद पाल ने कहा कि राम नगीना साहनी के साथ गलत हुआ है और पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव से पहले संगठन की कमियों को दूर कर पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से गोरखपुर की सभी संगठनात्मक कमेटियों को भंग किया गया है। जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। तब तक निवर्तमान जिलाध्यक्ष संगठन का कामकाज देखते रहेंगे।
बोले- संगठन को मजबूत करने पर जोर
श्यामलाल पाल ने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन के बाद संगठन को नए सिरे से मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ मिलकर चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने की बात कही।
मीडियाकर्मियों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसान, महिलाएं और युवा अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं। उन्होंने पेपर लीक के मामलों को लेकर हो रहे प्रदर्शनों का भी जिक्र किया।
बोले- सभी को साथ लेकर चलना पार्टी की विचारधारा
पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा सभी को साथ लेकर चलने की रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी धर्मों और जातियों का सम्मान करती है।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में सपा सरकार बनाएगी।





