राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ी कार्रवाई, आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल; वकीलों ने खत्म किया कामकाज का बहिष्कार

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले की जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने बुधवार को जेल में बंद आठ आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी। चार्जशीट दाखिल होने की जानकारी मिलते ही अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया, जिससे कोर्ट परिसर में गहमागहमी का माहौल बन गया।

अधिवक्ताओं का कहना था कि चार्जशीट दाखिल करने से पहले उनकी आपत्ति सुनी जानी चाहिए थी। इस मामले में अधिवक्ताओं ने राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्र और गोपाल राव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर पहले ही तहरीर दे रखी है।

पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट में जेल में निरुद्ध टिन्नू यादव, करुणेश, मनीष, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, रमाशंकर, अनुकल्प मिश्र और लवकुश मिश्र समेत आठ आरोपियों के खिलाफ आरोपों का उल्लेख किया गया है। अब चार्जशीट में ट्रस्ट पदाधिकारियों और बैंककर्मियों की भूमिका को लेकर दर्ज तथ्यों पर भी नजर है।

कुछ देर बाद जिला जज की मध्यस्थता के बाद अधिवक्ता वापस लौटे और विशेष न्यायाधीश की अदालत पहुंचे। पांच अधिवक्ता कोर्ट के अंदर गए, जबकि अन्य बाहर रुके रहे। चार्जशीट पढ़ने के बाद अधिवक्ता वापस लौट आए।

Related Articles

Back to top button