योगी ने सपा पर साधा निशाना, बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों से सवाल होना चाहिए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोला। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में उन्होंने सपा के घोषणापत्र और उसके शासनकाल के कामकाज पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे विपक्ष से पूछें कि सत्ता में रहते हुए उसने युवाओं, किसानों और महिलाओं के लिए क्या किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की पहचान नकल माफिया, खनन माफिया, शराब माफिया और वसूली सिंडिकेट से थी। नौकरी का विज्ञापन निकलते ही वसूली करने वाले सक्रिय हो जाते थे और युवाओं की प्रतिभा को सम्मान नहीं मिलता था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछली सरकारों की एक ही उपलब्धि थी- ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को माफिया और दंगा मुक्त बनाने का काम किया है।
साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। प्रदेश का नाम सुनकर लोग आशंकित होते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं और युवा सम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। यह संख्या सपा की चार और बसपा की तीन वर्ष की सरकारों में दी गई नियुक्तियों से अधिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को मिलने वाले नियुक्ति पत्र उनके परिश्रम का सम्मान हैं, न कि किसी सिफारिश का परिणाम।
घोषणापत्र के वादों पर विपक्ष से मांगा जवाब
योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष के चुनावी वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वालों से उनके पुराने कार्यकाल का हिसाब भी मांगा जाना चाहिए। केवल घोषणाएं करने से विकास नहीं होता। इसके लिए समय, समर्पण और स्पष्ट विजन जरूरी है।
उन्होंने सपा पर परिवार तक सीमित सोच रखने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी सरकार प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर काम कर रही है।
गोंडा और देवीपाटन मंडल के विकास को बताया उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में 2017 से पहले गोंडा और देवीपाटन मंडल की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि पहले गोंडा की पहचान गंदे शहरों में होती थी। बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच आकांक्षी जिलों की सूची में शामिल थे।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने मंडल के विकास के लिए करीब 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। गोंडा में मेडिकल कॉलेज, बलरामपुर में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज के निर्माण तथा श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार होने को उन्होंने विकास की उपलब्धियों के रूप में गिनाया।
युवाओं को नौकरी देने वाला बनने का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित होने से युवा अब सिर्फ नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं। हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन बनाने की योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण देकर उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने जापान और जर्मनी में नौकरी के इच्छुक युवाओं को भाषा प्रशिक्षण देकर विदेश भेजने की योजना का भी जिक्र किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह सहित अन्य विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





