यूपी में सनसनीखेज वारदात: पत्नी के साथ कमरे में मिला अतुल, पति ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के कानपुर में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। साढ़ थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव में एक विवाहित महिला के घर पहुंचे उसके प्रेमी को महिला के पति, देवर और ससुर ने पकड़ लिया। आरोप है कि तीनों ने युवक का मुंह बांधकर करीब एक घंटे तक लाठी-डंडों से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल युवक रातभर घर के आंगन में पड़ा रहा। सुबह अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। महिला और उसकी सास को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन आरोपी फरार हैं।
आधी रात को फोन कर घर बुलाया
मृतक की पहचान गंभीरपुर गांव निवासी अतुल उर्फ गोपाल तिवारी (28) के रूप में हुई है। वह पेट्रोल पंप पर काम करने के साथ ऑटो भी चलाता था। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात महिला सुमन ने अतुल को फोन कर अपने घर बुलाया था।
बताया जा रहा है कि रात करीब 12:30 बजे अतुल महिला के घर पहुंचा। इसी दौरान घर में आहट होने पर महिला का पति विकास अवस्थी जाग गया और उसने कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर अतुल को देखकर विकास ने अपने पिता कालिका उर्फ कल्लू और भाई मोहित को बुला लिया।
तख्त के नीचे छिपा था अतुल, पकड़े जाने पर की पिटाई
पुलिस के मुताबिक, सुमन ने पूछताछ में बताया कि पति के जागने पर अतुल को चादर डालकर तख्त के नीचे छिपा दिया गया था। बाद में पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे बाहर निकाल लिया।
आरोप है कि अतुल का मुंह बांधकर उसे लाठी-डंडों से करीब एक घंटे तक पीटा गया। पुलिस के अनुसार, चीखने पर आरोपियों ने उसकी गर्दन भी मरोड़ दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद अतुल घर के आंगन में पड़ा रहा।
सुबह परिजनों को मिली जानकारी, अस्पताल ले जाते समय मौत
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी कालिका उर्फ कल्लू ने अतुल के परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद अतुल के पिता विजय प्रकाश उर्फ पप्पू तिवारी और मां शीला मौके पर पहुंचे। वहां अतुल लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।
परिजन उसे ऑटो से अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अतुल की मां का कहना है कि अर्धबेहोशी की हालत में बेटे ने उन्हें बताया था कि सुमन ने फोन कर उसे घर बुलाया था और इसके बाद विकास, कल्लू व मोहित ने उसकी पिटाई की।
पोस्टमार्टम में शरीर पर मिले 13 गंभीर चोटों के निशान
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अतुल के शरीर पर 13 गंभीर चोटों के निशान मिलने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, उसके शरीर के कई हिस्सों में चोटें थीं। पिटाई के कारण उसकी एक अंगुली भी टूट गई थी। इसके अलावा कंधे, पीठ, गर्दन, हाथ, पैर, कमर, जांघ और छाती पर चोटों के निशान मिले हैं।
शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी सूजन और खून के थक्के भी पाए गए। मामले की जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है।
पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस, दो गिरफ्तार
साढ़ थाना प्रभारी केके मिश्रा के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। अतुल के पिता की तहरीर पर कालिका उर्फ कल्लू अवस्थी, उसके बेटों विकास और मोहित, पत्नी बबली तथा बहू सुमन के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने सुमन और बबली को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, विकास, मोहित और कालिका उर्फ कल्लू की तलाश की जा रही है।
शव रखकर किया प्रदर्शन, आरोपियों के घर को गिराने की मांग
पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम करीब 5:45 बजे पुलिस अतुल का शव लेकर गांव पहुंची। घटना से नाराज परिजनों ने शव को भीतरगांव-साढ़ मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। परिजन आरोपियों के घर को जेसीबी से ढहाने और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे।
एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे में प्रदर्शन समाप्त हुआ और परिजन घर लौट गए।
आरोपी विकास पर पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं
पुलिस के अनुसार, आरोपी विकास अवस्थी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2016 में उस पर एक किशोरी से दुष्कर्म और उसे कुएं में धकेलकर हत्या करने का आरोप लगा था। इस मामले में वह जेल गया था और कुछ महीने बाद जमानत पर बाहर आया था।
फिलहाल, पुलिस अतुल की हत्या के मामले में फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना से गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।





