यूपी में चीनी पर राहत की खबर! बढ़ते दाम अब काबू में, कीमतों में गिरावट; कमी को लेकर CM का बड़ा बयान

उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही चीनी की कीमतों पर अब लगाम लगनी शुरू हो गई है। सरकार की सख्ती, चीनी मिलों और बड़े स्टॉकिस्टों के यहां जांच के बाद बाजार में दाम नीचे आने लगे हैं। महज दो दिनों के भीतर थोक बाजार में 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिसका असर अब आम उपभोक्ताओं तक भी पहुंचने लगा है।
फुटकर बाजार में चीनी की कीमतों में दो से तीन रुपये प्रति किलो तक की कमी देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि कम उत्पादन के साथ-साथ दूसरे राज्यों से अचानक बढ़ी मांग और कालाबाजारी की आशंका ने पहले कीमतों को तेजी से बढ़ा दिया था। महाराष्ट्र और कोलकाता के बड़े खरीदारों की मांग बढ़ने के बाद यूपी की चीनी मिलों के भाव भी ऊपर चले गए थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए यूपी सरकार ने चीनी मिलों और स्टॉकिस्टों के यहां जांच अभियान शुरू किया। कार्रवाई का असर जल्द ही बाजार पर दिखाई दिया और थोक कीमतों में गिरावट आने लगी।
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर साफ कहा है कि उत्तर प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार के मुताबिक प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में चीनी का स्टॉक मौजूद है और आगामी पेराई सत्र शुरू होने के बाद उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी।
सरकार का मानना है कि बाजार पर लगातार निगरानी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई से आने वाले दिनों में चीनी की कीमतें और सामान्य हो सकती हैं, जिससे महंगाई से परेशान आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।





