मुकेश खन्ना ने रामायण के मेकर्स पर उठाए सवाल, साई पल्लवी और अनुपम खेर को लेकर दिया बयान

अभिनेता मुकेश खन्ना ने फिल्म ‘रामायण’ को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने फिल्म में साई पल्लवी के सीता के किरदार और उनके एक्शन सीन पर सवाल उठाए हैं। मुकेश खन्ना ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा पर धार्मिक ग्रंथों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने अभिनेता अनुपम खेर की ओर से फिल्म की तारीफ किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी।

सीता को योद्धा दिखाने पर जताई आपत्ति

मुकेश खन्ना ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए वीडियो में कहा कि वाल्मीकि रामायण में माता सीता को योद्धा के रूप में नहीं दिखाया गया है। उनके मुताबिक, सीता माता का चरित्र त्याग, समर्पण और सेवा भाव का प्रतीक रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि फिल्म में उन्हें एक्शन करते हुए क्यों दिखाया गया है।

अभिनेता ने कहा कि फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने यह सीन अद्भुत रामायण से लिए जाने की बात कही है, लेकिन उनके अनुसार वाल्मीकि रामायण ही मूल ग्रंथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म निर्माता पैसे कमाने के लिए धार्मिक मान्यताओं से जुड़े विषयों में बदलाव कर रहे हैं।

फिल्म देखने के लिए टिकट खरीदने से किया इनकार

मुकेश खन्ना ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है। वह प्रोमो, क्लिप और लोगों की प्रतिक्रियाओं के आधार पर अपनी राय रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह फिल्म देखने के लिए 1200 रुपये की टिकट नहीं खरीदना चाहेंगे, क्योंकि उनके मुताबिक फिल्म के निर्माता ने लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया है।

अनुपम खेर की तारीफ पर भी उठाए सवाल

मुकेश खन्ना ने अभिनेता अनुपम खेर के फिल्म की तारीफ करने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अनुपम खेर की समीक्षा देखकर उन्हें हैरानी हुई थी। हालांकि, बाद में उन्हें पता चला कि अनुपम खेर ने फिल्म में जटायु के किरदार को अपनी आवाज दी है। इसके बाद उन्हें फिल्म की तारीफ करने की वजह समझ में आई।

मुकेश खन्ना के इस बयान के बाद फिल्म ‘रामायण’ में सीता के किरदार और उसके चित्रण को लेकर बहस एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

Related Articles

Back to top button