बॉक्स ऑफिस पर सूर्या का जलवा, फिल्म ने चार दिनों में पार किया 150 करोड़ का आंकड़ा

साउथ सुपरस्टार सूर्या की फिल्म ‘सीन’ सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के महज चार दिनों में दुनियाभर में 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। खास बात यह है कि बॉक्स ऑफिस पर इस समय रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ भी शानदार कमाई कर रही है। इसके बावजूद सूर्या की फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है।

चौथे दिन भारत में की 21 करोड़ से ज्यादा की कमाई

जीतू माधवन के निर्देशन में बनी ‘सीन’ 6 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन यानी 9 नवंबर को भारत में 21.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस दिन देशभर में फिल्म के कुल 5,801 शो हुए।

इनमें तमिल वर्जन के 4,378 शो से 17.90 करोड़ रुपये की कमाई हुई, जबकि तेलुगु वर्जन ने 1,423 शो से 3.50 करोड़ रुपये जुटाए। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 84.55 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 98.20 करोड़ रुपये हो गया है।

विदेशी बाजारों में भी फिल्म का जलवा

‘सीन’ को विदेशों में भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने चौथे दिन विदेशी बाजारों से करीब 7.50 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही इसका कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 54 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

भारत और विदेशी बाजारों की कमाई मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 152.20 करोड़ रुपये हो चुका है। अब फिल्म की नजर 200 करोड़ रुपये के आंकड़े पर है।

सूर्या के लिए लगातार तीसरी सफलता

‘सीन’ की सफलता सूर्या के लिए इस साल की एक और बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे पहले उनकी फिल्में ‘करुप्पु’ और ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ को भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। इस तरह अभिनेता के खाते में लगातार तीसरी सफल फिल्म जुड़ गई है।

इस फिल्म में सूर्या के साथ नजरिया नाजिम और नसलेन मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं आनंदराज, लाल और राज प्रियन भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्माण सूर्या और ज्योतिका ने अपने प्रोडक्शन हाउस 2D एंटरटेनमेंट और झागरम स्टूडियोज के तहत किया है।

‘रामायण’ भी बॉक्स ऑफिस पर बना रही रिकॉर्ड

दूसरी ओर, रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी अभिनीत ‘रामायण: पार्ट वन’ भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। शुरुआती पांच दिनों में फिल्म का दुनियाभर में ग्रॉस कलेक्शन 663 करोड़ रुपये तक पहुंचने का दावा किया गया है।

ऐसे में एक ओर ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है, तो दूसरी ओर सूर्या की ‘सीन’ भी लगातार शानदार कमाई कर रही है। दोनों फिल्मों के प्रदर्शन पर इन दिनों दर्शकों और फिल्म कारोबार की नजर बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button