बिल गेट्स ने AI को लेकर चेताया: आखिर कैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता मचा सकती है भारी तबाही?

माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से बढ़ते प्रभाव और इसके संभावित खतरों को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में एआई इतना शक्तिशाली हो सकता है कि इसका गलत इस्तेमाल बड़े पैमाने पर तबाही का कारण बन सकता है और अरबों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
गेट्स ने एआई को लेकर क्या कहा?
एनबीसी के कार्यक्रम Meet the Press में बिल गेट्स ने कहा कि दुनिया ने ऐसी बुद्धिमान तकनीक विकसित कर ली है, जो कई मामलों में इंसानों से भी ज्यादा सक्षम है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले वर्षों में एआई की क्षमता तेजी से बढ़ेगी और यह इंसानों से कहीं अधिक बुद्धिमान हो सकता है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या एआई मानव अस्तित्व के लिए खतरा बन सकता है, तो गेट्स ने कहा कि एआई इतना शक्तिशाली जरूर हो सकता है कि इसके जरिए ऐसी घटनाएं कराई जा सकें, जिनमें अरबों लोगों की मौत का खतरा पैदा हो।
गलत हाथों में पहुंचा एआई तो कैसे मच सकती है तबाही?
गेट्स के मुताबिक सबसे बड़ी चिंता एआई के गलत इस्तेमाल को लेकर है। उनका कहना है कि बुरे इरादे रखने वाले लोग अत्याधुनिक एआई टूल्स का इस्तेमाल जैविक हमलों, साइबर हमलों और अन्य खतरनाक गतिविधियों के लिए कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इतनी शक्तिशाली तकनीक का इस्तेमाल पहले कभी मौजूद हथियारों की तरह नहीं हुआ है। ऐसे में इसके संभावित दुरुपयोग को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है।
सरकारों से कड़े नियम बनाने की मांग
बिल गेट्स ने एआई कंपनियों के केवल स्व-नियमन पर निर्भर रहने को पर्याप्त नहीं माना। उन्होंने सरकारों से ऐसे कानून बनाने की मांग की, जिनमें एआई सिस्टम के लिए अनिवार्य सुरक्षा उपाय और निगरानी व्यवस्था शामिल हो।
गेट्स के अनुसार, सुरक्षा उपाय लागू करने से एआई उद्योग पर कुछ अतिरिक्त लागत जरूर आएगी, लेकिन इससे तकनीक के विकास की गति को गंभीर रूप से प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए।
एआई को लेकर अमेरिका में बहस तेज
गेट्स की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अमेरिका में एडवांस्ड एआई के नियमन को लेकर बहस तेज है। कैलिफोर्निया के डेमोक्रेट सांसद रो खन्ना ने अमेरिका और चीन के बीच ऐसे समझौते की जरूरत बताई है, जिससे उन एआई सिस्टम पर नियंत्रण लगाया जा सके जो खुद को लगातार बेहतर बनाने में सक्षम हैं।
इस बीच, एआई के विकास के साथ सुरक्षा, जवाबदेही और निगरानी को लेकर दुनिया भर में चर्चा बढ़ रही है। भारत में भी स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, सार्वजनिक सेवाओं और डिजिटल क्षेत्र में एआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।





