बदायूं हाईवे पर दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवकों की गई जान

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर मुड़िया सेंडोला के पास एक रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रोडवेज बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। सड़क पर तीनों युवकों के शव पड़े होने के कारण हाईवे पर कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

तीनों मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान संभल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र के भटौल गांव निवासी नितिन, सचिन और विशाल के रूप में हुई है।

हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों और सड़क पर मौजूद अन्य अवरोधों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

बीए का छात्र था नितिन

मृतक नितिन के पिता रामौतार भटोर गांव के प्रधान हैं। नितिन की जेब से एसएम कॉलेज का पहचान पत्र मिला है। वह बीए की पढ़ाई कर रहा था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार में उसकी एक बहन भी है।

दूसरे मृतक सचिन के पिता राजमिस्त्री हैं। हादसे की खबर मिलने के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

चार महीने पहले हुई थी विशाल के पिता की मौत

तीसरे मृतक विशाल के परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई गई है। विशाल दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई आकाश है। परिवार के अनुसार, विशाल के पिता की करीब चार महीने पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी।

विशाल की छह बहनें हैं, जिनमें चार की शादी हो चुकी है। ऐसे में परिवार के एक और बड़े सहारे के चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बस चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद रोडवेज बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और आरोपी बस चालक की तलाश की जा रही है।

पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है और बस चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button