फैंस के लिए समय रैना का बड़ा सरप्राइज, ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में इस हसीना की एंट्री से बढ़ेगा रोमांच

कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ के अगले एपिसोड को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ गई है। हाल ही में रिलीज हुए पांचवें एपिसोड के आखिर में समय रैना ने एक ऐसी क्लिप दिखाई, जिसने दर्शकों के बीच अगले एपिसोड को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
समय रैना ने लिया राखी सावंत का नाम
28 अगस्त को रिलीज हुए पांचवें एपिसोड में अर्चना पूरन सिंह, शेरोन वर्मा और ऑरी बतौर पैनलिस्ट नजर आए। शो के अंत में समय रैना ने अगले एपिसोड की एक झलक दिखाई।
क्लिप में समय रैना कहते नजर आए कि उन्होंने लंबे समय के बाद शो शुरू किया है, इसलिए शुरुआती दो-तीन एपिसोड में उन्होंने थोड़ा हल्का हाथ रखा। इसके बाद उन्होंने कहा, ‘राखी सावंत के लिए थोड़ा शोर मचाओ।’ समय की इस बात के बाद दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं।
मास्क पहने महिला ने बढ़ाया सस्पेंस
इसके तुरंत बाद एक महिला स्टेज की ओर आती हुई दिखाई देती है। हालांकि, उसका चेहरा मास्क से ढका हुआ था। यही वजह है कि अभी आधिकारिक तौर पर यह साफ नहीं हुआ है कि क्लिप में नजर आ रही महिला राखी सावंत ही हैं या कोई और।
समय रैना की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच चर्चा तेज हो गई है। दर्शक अब यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि अगले एपिसोड में राखी सावंत की वास्तव में एंट्री होगी या यह शो की ओर से किया गया कोई सरप्राइज है।
नए सीजन को लेकर फैंस में दिखी मिली-जुली प्रतिक्रिया
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन की वापसी का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था। कानूनी विवादों के बाद शो की वापसी पर फैंस की नजरें टिकी हुई थीं।
हालांकि, नए सीजन के शुरुआती एपिसोड को लेकर कुछ दर्शकों ने निराशा भी जाहिर की। कई फैंस का कहना था कि शो पहले सीजन की तुलना में ज्यादा फिल्टर्ड नजर आ रहा है और पहले जैसा ह्यूमर देखने को नहीं मिल रहा।
अब समय रैना के राखी सावंत का नाम लेने और अगले एपिसोड की रहस्यमयी क्लिप सामने आने के बाद फैंस की उम्मीदें फिर बढ़ गई हैं। हालांकि, राखी सावंत की एंट्री की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।





