धनुष का धांसू एक्शन और साई पल्लवी की खाकी वर्दी, सामने आया ओम चैप्टर 1 का ट्रेलर; इस दिन होगी रिलीज

अभिनेता धनुष और साई पल्लवी की आगामी फिल्म ‘ओम चैप्टर 1 : उधिरम द ब्लड वुड’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में धनुष जबरदस्त एक्शन करते नजर आ रहे हैं, जबकि साई पल्लवी खाकी वर्दी में आईपीएस अधिकारी के किरदार में दिखाई दे रही हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बनी हुई थी। अब ट्रेलर सामने आने के बाद फैंस को इसकी रिलीज का इंतजार है।

फिल्म में साई पल्लवी नित्या रेड्डी नाम की पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं। गौरतलब है कि इन दिनों वह फिल्म ‘रामायण’ में माता सीता के किरदार को लेकर भी चर्चा में हैं। ‘ओम चैप्टर 1’ में उनका अंदाज इससे बिल्कुल अलग नजर आने वाला है।

ट्रेलर रिलीज करने में हुई देरी पर मेकर्स ने मांगी माफी

फिल्म के ट्रेलर का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। आखिरकार मेकर्स ने इसे जारी कर दिया। ट्रेलर रिलीज के साथ ही निर्माताओं ने देरी के लिए प्रशंसकों से माफी भी मांगी।

मेकर्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘देरी के लिए माफी और अब हंगामा शुरू करने का समय आ गया है। ओम का ट्रेलर रिलीज हो चुका है।’ इस घोषणा के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

लाल चंदन की तस्करी पर आधारित है फिल्म की कहानी

ट्रेलर से संकेत मिलता है कि फिल्म की कहानी लाल चंदन की तस्करी और उससे जुड़े आपराधिक सिंडिकेट के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें धनुष एक लकड़हारे की भूमिका में नजर आ रहे हैं। कहानी आगे बढ़ने के साथ उनका किरदार तस्करी के एक खतरनाक नेटवर्क में फंस जाता है।

वहीं, साई पल्लवी सीबीआई अधिकारी नित्या रेड्डी के रूप में लाल चंदन की तस्करी से जुड़े मामले की जांच करती दिखाई देंगी। फिल्म में अपराध, जांच और एक्शन का मिश्रण देखने को मिलेगा।

20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

‘ओम चैप्टर 1 : उधिरम द ब्लड वुड’ 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को पैन इंडिया स्तर पर कई भाषाओं में प्रदर्शित किया जाएगा। इसका निर्देशन राजकुमार पेरियासामी ने किया है, जो इससे पहले फिल्म ‘अमरन’ का निर्देशन कर चुके हैं। उन्होंने ही फिल्म की कहानी भी लिखी है।

ममूटी, नसीरुद्दीन शाह और श्रीलीला भी आएंगे नजर

धनुष और साई पल्लवी के अलावा फिल्म में कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ममूटी और नसीरुद्दीन शाह भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। वहीं, अभिनेत्री श्रीलीला धनुष की पत्नी के किरदार में दिखाई देंगी।

फिल्म की स्टारकास्ट और लाल चंदन की तस्करी पर आधारित कहानी इसे खास बना रही है। अब देखना होगा कि 20 नवंबर को रिलीज होने के बाद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाती है।

Related Articles

Back to top button