दिल्ली में नए कॉरिडोर की शुरुआत, बारापुला फेज-3 का अमित शाह ने किया उद्घाटन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बारापुला फेज-3 कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
बारापुला फेज-3 कॉरिडोर के शुरू होने से पूर्वी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर से वाहन चालकों को आईटीओ, रिंग रोड और डीएनडी के अलावा एक वैकल्पिक सिग्नल-फ्री मार्ग मिलेगा।
11 साल से अधूरा था प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस परियोजना को वर्ष 2014 में मंजूरी मिली थी। लंबे समय तक काम अधूरा रहने के बाद भूमि अधिग्रहण, पेड़ों की कटाई की अनुमति और हाई टेंशन वायर हटाने जैसी बाधाएं दूर की गईं।
लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि परियोजना के पूरा होने से दिल्लीवासियों का करीब 11 साल का इंतजार खत्म हुआ है। उन्होंने दावा किया कि प्रोजेक्ट में आ रही विभिन्न मंजूरियों और अन्य बाधाओं को दूर कर इसे पूरा किया गया।
किन इलाकों को मिलेगा फायदा?
नए कॉरिडोर से मयूर विहार, चिल्ला गांव, लक्ष्मी नगर, शकरपुर और पटपड़गंज के लोगों को दक्षिण दिल्ली जाने के लिए वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। इसके अलावा आनंद विहार, कड़कड़डूमा, विवेक विहार, वसुंधरा एन्क्लेव और दल्लूपुरा से आने वाले वाहन चालकों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
कॉरिडोर के शुरू होने से विकास मार्ग, आईटीओ, डीएनडी और अक्षरधाम के आसपास यातायात का दबाव कम होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, ट्रैफिक पर इसका वास्तविक असर यातायात शुरू होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
1941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान दिल्ली को अन्य विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी गई। सरकार के मुताबिक, शहर की भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।





