दिल्ली कैफे फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, स्नैपचैट से लोकेशन मिली; प्रेमी ने दोनों हाथों में पिस्टल लेकर बरसाईं गोलियां

आनंद विहार के कड़कड़डूमा कम्युनिटी सेंटर स्थित एक कैफे के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक युवती और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती ने स्नैपचैट पर पीड़ितों का वीडियो देखकर उनकी लोकेशन अपने प्रेमी को बताई थी। इसके बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ मौके पर पहुंचा और फायरिंग कर दी।

पुलिस की जांच में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वजीराबाद निवासी अदनान उर्फ अद्दू और उसकी प्रेमिका आफरीन उर्फ चंदा के रूप में हुई है। पुलिस को वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी मुजम्मिल उर्फ साहिल की तलाश है।

करीब 350 सीसीटीवी फुटेज खंगाले

शाहदरा जिला पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की रात करीब डेढ़ बजे आनंद विहार पुलिस को कैफे के बाहर फायरिंग की सूचना मिली थी। घटना में दो युवक घायल हुए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आनंद विहार थाना पुलिस के साथ स्पेशल स्टाफ और एएनटीएफ की टीम को भी जांच में लगाया गया। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस को मुख्य आरोपी की लोकेशन अजमेर में मिली, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया।

पुरानी कहासुनी के बाद रची गई वारदात

जांच में सामने आया कि करीब एक महीने पहले अदनान की समीर नाम के युवक से कहासुनी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच धमकी देने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद अदनान कथित तौर पर समीर से बदला लेने की फिराक में था।

11 सितंबर को आफरीन ने स्नैपचैट पर कैफे में मौजूद युवकों का वीडियो देखा। उसने इसकी जानकारी अदनान को दी और लोकेशन बताई। इसके बाद अदनान अपने साथी मुजम्मिल के साथ स्कूटी से कैफे के बाहर पहुंचा।

दो पिस्टल से की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, मुजम्मिल स्कूटी चला रहा था, जबकि अदनान के पास दो पिस्टल थीं। कैफे के बाहर मौजूद समीर, अफसर और इरशाद पर आरोपी ने फायरिंग की।

मुरादनगर, गाजियाबाद निवासी अफसर को तीन गोलियां लगीं, जबकि इरशाद को एक गोली लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

हथियार और अन्य सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल दो पिस्टल, एक स्कूटी, आफरीन का मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस अब फरार आरोपी मुजम्मिल उर्फ साहिल की तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button