तसव्वर हत्याकांड से दहला इलाका, परिजनों का बड़ा आरोप- पुलिस रहती सतर्क तो बच जाती जान

शामली के कैराना क्षेत्र के तीतरवाड़ा गांव में सोमवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाश गांव में पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। बताया गया कि बदमाश किसी सद्दाम नाम के व्यक्ति की हत्या के इरादे से आए थे, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के बाद हालात बिगड़ गए और गोलियां चलने लगीं। इस दौरान गांव में मौजूद 35 वर्षीय मजदूर तसव्वर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने बदमाशों का जमकर मुकाबला किया। आरोपियों को घिरता देख बदमाश भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, घायल तसव्वर को पहले कैराना सीएचसी और फिर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस वारदात के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नकाबपोश बदमाश करीब दो घंटे तक गांव में घूमते रहे, लेकिन पुलिस को उनकी गतिविधियों की भनक तक नहीं लगी। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते पुलिस गश्त या संदिग्धों से पूछताछ करती तो शायद इस खूनी वारदात को रोका जा सकता था। एसपी ने मामले में पुलिस की किसी भी संभावित लापरवाही की जांच कराने की बात कही है।

तसव्वर की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उसके पिता ने रोते हुए सरकार से बेटे के हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है। गांव में इस घटना के बाद दहशत के साथ गुस्से का माहौल है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Related Articles

Back to top button