छह साल बाद एक्टिंग में वापसी करेंगी बिपाशा बसु? नए प्रोजेक्ट को लेकर सामने आई जानकारी, जानिए क्या है खास

बॉलीवुड अभिनेत्री बिपाशा बसु लंबे समय बाद एक बार फिर अभिनय की दुनिया में वापसी करने जा रही हैं। करीब छह साल से पर्दे से दूर बिपाशा फिल्ममेकर हंसल मेहता की नई वेब सीरीज में अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। इस सीरीज की शूटिंग शुरू हो चुकी है। हालांकि, अभी तक इसके नाम और बिपाशा के किरदार से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

सनी कौशल और विशाल जेठवा के साथ आएंगी नजर

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हंसल मेहता की इस अनटाइटल्ड वेब सीरीज में बिपाशा बसु के साथ अभिनेता सनी कौशल और विशाल जेठवा भी नजर आएंगे। सीरीज का निर्माण ‘ऑलमाइटी मोशन पिक्चर्स’ के बैनर तले किया जा रहा है। इसकी निर्माता प्रभलीन संधू हैं। वहीं, इसकी कहानी कश्यप कपूर और राघव राज कक्कड़ ने लिखी है।

छोटे शहर में नशे के कारोबार की कहानी

इस वेब सीरीज की कहानी एक छोटे और गुमनाम शहर पर आधारित है, जो महाद्वीप की हेरोइन राजधानी बनने की कगार पर है। इसमें सनी कौशल एक ईमानदार पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। उनका किरदार अपनी ईमानदारी और इंसानियत को बचाए रखते हुए व्यवस्था के भीतर और बाहर मौजूद ताकतवर लोगों से संघर्ष करता नजर आएगा।

यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। हालांकि, इसकी रिलीज डेट और अन्य कलाकारों के किरदारों को लेकर फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है।

बेटी के जन्म के बाद अभिनय से थीं दूर

बिपाशा बसु लंबे समय से फिल्मों और वेब सीरीज में सक्रिय नहीं थीं। वह आखिरी बार साल 2020 में रिलीज हुई क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘डेंजरस’ में नजर आई थीं। वहीं, उनकी आखिरी फिल्म ‘अलोन’ साल 2015 में रिलीज हुई थी।

अभिनय से दूरी के दौरान बिपाशा अपनी निजी जिंदगी और परिवार को समय देती रही हैं। उन्होंने साल 2016 में अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से शादी की थी। साल 2022 में दोनों बेटी देवी के माता-पिता बने। अब लंबे अंतराल के बाद उनकी अभिनय में वापसी की खबर से प्रशंसकों को उन्हें फिर से स्क्रीन पर देखने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button