चंद्रशेखर आजाद से जुड़े दुष्कर्म केस में कोर्ट सख्त, दिल्ली पुलिस को 23 अक्तूबर तक जांच पूरी करने के निर्देश

नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद से जुड़े दुष्कर्म के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने डीसीपी को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि अगली सुनवाई तक मामले की जांच पूरी कर ली जाए। मामले की अगली सुनवाई 23 अक्तूबर को होगी।

पुलिस ने मांगा था दो महीने का समय

सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने जांच पूरी करने के लिए अदालत से दो महीने का अतिरिक्त समय मांगा। पुलिस की ओर से अब तक की गई जांच की स्टेटस रिपोर्ट भी कोर्ट के समक्ष पेश की गई।

अदालत ने पुलिस को तय समय सीमा में जांच पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट के इस रुख के बाद मामले की जांच को लेकर पुलिस पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई पूरी करने का दबाव बढ़ गया है।

महिला ने लगाया है गंभीर आरोप

मामले में एक महिला ने सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है और मामला अदालत के समक्ष भी विचाराधीन है।

फिलहाल अदालत ने पुलिस को जांच पूरी कर अगली सुनवाई में स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

Related Articles

Back to top button