उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक बदलाव: कई IAS अधिकारियों के तबादले, अमित घोष और अमृत अभिजात भी शामिल

उत्तर प्रदेश में रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में अमित कुमार घोष, अमृत अभिजात, वी. हेकाली झिमोमी समेत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
अमित कुमार घोष को अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अमृत अभिजात को पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के साथ परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वी. हेकाली झिमोमी को प्रमुख सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को प्रमुख सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन बनाया गया है। अनिल कुमार को प्रमुख सचिव एवं आयुक्त, खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले की जिम्मेदारी मिली है।
डॉ. एम.के.एस. सुंदरम को प्रमुख सचिव, कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।
वहीं रविंद्र को प्रमुख सचिव, पंचायती राज नियुक्त किया गया है। अमित गुप्ता को स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के साथ प्राविधिक शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
रणवीर प्रसाद को प्रमुख सचिव, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा के साथ यूपीपीसीएल, यूपीटीसीएल, राज्य विद्युत उत्पादन निगम और यूपीएसएलडीसी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
इसके अलावा डॉ. आशीष कुमार गोयल को अपर मुख्य सचिव, श्रम एवं सेवायोजन नियुक्त किया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।





