उत्तराखंड: पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड लेकर आई भाजपा, सीएम धामी ने फिर सरकार बनाने का दावा किया

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने उत्तराखंड में धामी सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जारी कर दिया है। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा वर्ष 2022 में भी अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच गई थी। जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए सरकार ने काम किया है। कई वादे पूरे हो चुके हैं, जबकि बाकी को पूरा करने की दिशा में काम जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने कामकाज का लेखा-जोखा जनता के सामने रख रही है।
सीएम धामी बोले- जनता ने तोड़ा सरकार बदलने का मिथक
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पहले हर पांच साल में सरकार बदलने का मिथक था, लेकिन जनता ने लगातार दूसरी बार भाजपा को सत्ता में पहुंचाकर इस मिथक को तोड़ दिया। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश की जनता भाजपा को तीसरी बार भी सरकार बनाने का अवसर देगी।
धामी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं शुरू से स्पष्ट रही हैं। युवाओं को रोजगार देना, महिलाओं को सशक्त बनाना, बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना और प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के ढांचे को मजबूत करना सरकार के प्रमुख लक्ष्य रहे हैं।
कोरोना काल में पर्यटन और चिकित्सा क्षेत्र को दिया राहत पैकेज
मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान सरकार की ओर से किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि पर्यटन और परिवहन क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया था। चिकित्सा क्षेत्र को भी 205 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। महामारी के दौरान माता-पिता को खोने वाले और अनाथ बच्चों को वात्सल्य योजना के माध्यम से सहारा दिया गया।
उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। भर्ती प्रक्रियाओं में नकल रोकने के लिए सख्त नकलरोधी कानून बनाया गया। सरकार ने 11 हजार युवाओं को ऑनलाइन घर बैठे कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके अलावा जर्मनी और जापान में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा आयोग के गठन की प्रक्रिया चल रही है। स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड दिया गया है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भी दी जा रही है।
बैणी-भुली योजना से महिलाओं को सशक्त बनाने का प्रयास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैणी-भुली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश को जल्द 50 हजार मकान मिलने जा रहे हैं, जिससे जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
धामी ने देवभूमि परिवार योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना में परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला को परिवार का मुखिया माना गया है। इसके माध्यम से परिवार में महिलाओं की भूमिका और उनके महत्व को प्राथमिकता दी गई है।
जमरानी, लखवाड़ और किशाऊ बांध परियोजनाओं का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने राज्य में चल रही महत्वपूर्ण बांध परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जमरानी बांध परियोजना लंबे समय से चर्चा में रही है। जब वह 10-12 साल के थे, तब से जमरानी बांध बनने और पानी आने के नारे सुनते आ रहे हैं। डबल इंजन सरकार आने के बाद इस दिशा में प्रयास शुरू हुए और अब परियोजना निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि लखवाड़, सौंग और किशाऊ बांध परियोजनाएं लंबे समय से उलझी हुई थीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इनके निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। किशाऊ परियोजना में सभी राज्यों ने आगे आकर भाग लिया है।
आपदा प्रबंधन विभाग को ब्रिक्स में मिली सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन विभाग को ब्रिक्स में सराहना मिली है। सिलक्यारा सुरंग में बचाव अभियान के दौरान पूरे विश्व की नजरें उत्तराखंड पर थीं। उन्होंने वन्यजीवों के हमलों को प्रदेश के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि प्रभावितों को दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है।
धामी ने कहा कि शहीद सैनिकों के सम्मान में उनकी प्रतिमाएं उनके आवास के आसपास या गांव में स्थापित की जाएंगी। वर्ष 2022 के संकल्प पत्र में यूसीसी और तीन सिलिंडर देने समेत कई योजनाओं का वादा किया गया था। सरकार ने इन योजनाओं को शुरू किया है और संकल्प पत्र के वादों को धरातल पर उतारने का काम जारी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी हर साल अपने कार्यक्रमों और योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाती है, लेकिन चुनाव के समय पूरे कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना जरूरी है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र के सामने जो भी योजनाएं रखीं, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने प्राथमिकता दी। इससे प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली। निकाय और पंचायत चुनाव समेत विभिन्न चुनावों में पार्टी को जनता का समर्थन मिला है। भाजपा अपने विकास कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जा रही है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक और तीरथ सिंह रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।





