आईओएल भर्ती 2026: जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर के लिए आवेदन का मौका, पांच साल अनुभव की शर्त

इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (IOL) ने जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर और प्रोजेक्ट टेक्नीशियन के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। भर्ती निश्चित अवधि के अनुबंध (FTC) के आधार पर होगी। कंपनी ने इसके लिए दो अलग-अलग विज्ञापन जारी किए हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर के लिए योग्यता
IOL में जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर के लिए पांच क्षेत्रों में अवसर हैं। सभी पदों के लिए संबंधित योग्यता में कम से कम 60 प्रतिशत अंक और डिग्री या डिप्लोमा के बाद पांच साल का संबंधित अनुभव जरूरी है।
- रसायन विज्ञान: रसायन विज्ञान में बीएससी।
- इलेक्ट्रिकल: इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स या प्लांट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा।
- इलेक्ट्रॉनिक्स: इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन या इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन में तीन वर्षीय डिप्लोमा।
- मैकेनिकल: मैकेनिकल इंजीनियरिंग, प्रोडक्शन इंजीनियरिंग या मेकाट्रॉनिक्स में तीन वर्षीय डिप्लोमा।
- ऑप्टिक्स और कोटिंग: भौतिकी और गणित मुख्य विषयों के साथ बीएससी।
कितने समय की होगी नियुक्ति?
शुरुआत में नियुक्ति अधिकतम दो साल के लिए होगी। प्रदर्शन और काम संतोषजनक रहने पर एक बार में एक साल तक का विस्तार दिया जा सकता है। अनुबंध की कुल अवधि अधिकतम पांच साल हो सकती है। प्रदर्शन संतोषजनक न रहने या दुर्व्यवहार की स्थिति में कंपनी अनुबंध अवधि पूरी होने से पहले भी नियुक्ति समाप्त कर सकती है।
कैसे होगा चयन?
जूनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर पद के लिए पहले आवेदनों की स्क्रीनिंग होगी। इसके बाद योग्य उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। रिक्तियों की संख्या से अधिकतम दोगुने उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
अंतिम चयन में 75 प्रतिशत अंक शैक्षणिक योग्यता और 25 प्रतिशत अंक इंटरव्यू के होंगे। इंटरव्यू से पहले दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेजों में कमी मिलने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।
बराबर अंक होने पर अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद भी अंक समान रहने पर नाम के वर्णानुक्रम के आधार पर निर्णय होगा। इंटरव्यू ऑनलाइन या वर्चुअल माध्यम से नहीं होगा।
प्रोजेक्ट टेक्नीशियन का चयन
प्रोजेक्ट टेक्नीशियन पद के लिए उम्मीदवारों को एनटीसी/एनएसी की अंतिम परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर ट्रेड टेस्ट के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। रिक्तियों की संख्या से अधिकतम दोगुने उम्मीदवारों को ट्रेड टेस्ट में बुलाया जाएगा।
ट्रेड टेस्ट प्रैक्टिकल परीक्षा होगी और इसमें पास होना जरूरी होगा। असफल उम्मीदवार चयन के लिए पात्र नहीं होंगे। अंतिम मेरिट एनटीसी/एनएसी की अंतिम परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की वेबसाइट के करियर सेक्शन से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। फॉर्म बड़े अक्षरों में भरना होगा। इसके साथ उम्र, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और वेतन से संबंधित जरूरी दस्तावेजों की स्व-सत्यापित प्रतियां लगानी होंगी।
पूरा आवेदन फॉर्म और दस्तावेज स्पीड पोस्ट के माध्यम से अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड, OFILDD कैंपस, रायपुर, देहरादून (उत्तराखंड)-248008 के पते पर भेजना होगा।





