अयोध्या में राम मंदिर का बढ़ता आकर्षण, श्रद्धालुओं की संख्या एक करोड़ पार; स्थानीय कारोबार को मिला नया उछाल

कार्तिक माह की पावन अवधि में रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ी। बीते 15 दिनों में एक करोड़ से अधिक भक्त अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। दीपोत्सव, चौदह कोसी-पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान पूरा शहर श्रद्धा से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से स्थानीय कारोबार को भी बड़ा लाभ मिला। व्यापारियों का कहना है कि इन 15 दिनों में कारोबार ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए।

राम मंदिर में दर्शन के साथ श्रद्धालुओं ने अयोध्या के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी पहुंचकर पूजा-अर्चना की। सूर्यकुंड, गुप्तारघाट और भरतकुंड में भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। पूरा शहर श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भरा नजर आया।
दीपोत्सव से कार्तिक पूर्णिमा तक उमड़ी भीड़
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दीपोत्सव में करीब 10 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। चौदह कोसी परिक्रमा में लगभग 30 लाख और पंचकोसी परिक्रमा में करीब 50 लाख भक्तों ने हिस्सा लिया। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा के स्नान में लगभग 35 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे।

श्रद्धालुओं ने राम मंदिर और हनुमानगढ़ी के अलावा सूर्यकुंड, गुप्तारघाट और भरतकुंड जैसे धार्मिक स्थलों पर भी दर्शन-पूजन किया। इन आयोजनों के दौरान रामनगरी में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद बढ़ा आस्था और पर्यटन का मेल
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में धार्मिक पर्यटन का दायरा तेजी से बढ़ा है। योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में शहर में हुए विकास कार्यों ने श्रद्धालुओं को सुविधाएं देने में भूमिका निभाई। नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, विस्तारित रेलवे स्टेशन, चौड़ी सड़कें, आधुनिक पार्किंग व्यवस्था, बेहतर रोशनी और साफ-सफाई से शहर में आवागमन सुविधाजनक हुआ है।

सरकार की ओर से सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इससे बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को दर्शन और धार्मिक आयोजनों में सुविधा मिली।
15 दिनों में सालभर जैसा कारोबार
हनुमानगढ़ी के पास फूल-माला और प्रसाद की दुकान चलाने वाले रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि दीपोत्सव से कार्तिक पूर्णिमा तक दुकान पर सुबह से रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। उन्होंने कहा कि जितना कारोबार पहले पूरे साल में होता था, उतना इन 15 दिनों में हो गया। शहर में साफ-सफाई और सुविधाओं में सुधार के कारण श्रद्धालु आराम से आ रहे हैं और खरीदारी भी अधिक कर रहे हैं।

रामकोट क्षेत्र में पूजा सामग्री और स्मृति चिह्न बेचने वाले व्यापारी अजय कुमार ने भी कारोबार में वृद्धि की बात कही। उन्होंने बताया कि मंदिर के अलावा सूर्यकुंड और गुप्तारघाट में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस दौरान कारोबार पहले के मुकाबले दोगुना से तीन गुना तक बढ़ गया। सड़कों, लाइटिंग और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था से स्थानीय व्यापारियों को फायदा मिला है।
होटल, रेस्तरां और परिवहन कारोबार को भी फायदा
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से होटल, रेस्तरां, ऑटो-रिक्शा और स्थानीय दुकानदारों को भी अच्छी कमाई हुई। मेले, परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान प्रशासन ने विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

अयोध्या को विश्व स्तरीय तीर्थस्थल बनाने की दिशा में चल रहे विकास कार्यों का असर पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से शहर के व्यापार और रोजगार से जुड़े क्षेत्रों को नई ऊर्जा मिली है।
प्रशासन ने सुविधाओं को प्राथमिकता दी
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या में श्रद्धालुओं के लिए पानी, शौचालय, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई। विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय से दीपोत्सव, परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान सहित सभी आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

Related Articles

Back to top button